
लखनऊ: दामाद को ससुर और साली ने 20 लाख की जमीन में लगाया चूना, फर्जीवाड़े का खुलासा
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक को उसके ही ममेरे ससुर और साली ने मिलकर ठग लिया। युवक ने पारा कोतवाली में दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि दोनों ने एक परिचित की मदद से किसी और की जमीन को अपना बताकर सौदा कर लिया। जब पीड़ित ने वहां निर्माण कार्य शुरू कराया, तब जाकर उसे ठगी का एहसास हुआ।
कैसे हुआ फर्जीवाड़ा?
तालकटोरा निवासी व्यापारी राजू प्लॉट की तलाश में थे। उन्होंने अपने ममेरे ससुर कैलाशपति से सलाह ली। कैलाशपति ने उन्हें भरोसा दिलाया कि नई दिल्ली निवासी राजीव कुमार दुबे के पास लखनऊ के सरोसा में एक प्लॉट है, जिसे वह सस्ते में बेचना चाहते हैं। इस बीच राजू की साली पिंकी ने भी इस सौदे की पुष्टि कर दी। जनवरी में आरोपियों ने राजू को जमीन दिखाई और 20 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।
राजू ने करीब 11 लाख रुपये एडवांस में खाते में ट्रांसफर कर दिए और बाकी पैसे रजिस्ट्री के समय देने की बात हुई। 2 जनवरी को राजू, कैलाशपति, पिंकी और राजीव कुमार मजदूरों के साथ प्लॉट पर पहुंचे और नींव खुदाई शुरू करवाई। इसी दौरान अफसर हुसैन नाम का व्यक्ति वहां आ पहुंचा और जमीन पर अपना मालिकाना हक जताया। जब राजू ने मामले की जांच की, तो पता चला कि उसे फर्जी तरीके से दूसरे की जमीन बेच दी गई थी।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने कैलाशपति, पिंकी और राजीव कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जल्द की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS

