पुलिस में कमांडो काजल की मौत,पति ने डंबल से किया था…….

NGV PRAKASH NEWS

दिल्ली पुलिस की SWAT कमांडो काजल की हत्या, पति ने डंबल से किया था जानलेवा हमला

दिल्ली, 29 जनवरी 2026.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात 27 वर्षीय SWAT कमांडो काजल ने मंगलवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पांच दिन पहले पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में उनके पति अंकुर ने जिम में इस्तेमाल होने वाले लोहे के डंबल से उन पर जानलेवा हमला किया था। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद काजल कोमा में चली गई थीं और अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रही थीं।

पुलिस के अनुसार काजल 2022 बैच की भर्ती थीं और अपनी काबिलियत के दम पर दिल्ली पुलिस की प्रतिष्ठित SWAT यूनिट का हिस्सा बनी थीं। 22 जनवरी को मोहन गार्डन स्थित फ्लैट में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद अंकुर ने गुस्से में आकर काजल के सिर पर डंबल से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अंकुर रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत है। हमले के बाद वह खुद काजल को अस्पताल ले गया और बाद में परिजनों को फोन कर वारदात की जानकारी दी। उसी दिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।

काजल के बड़े भाई निखिल, जो दिल्ली पुलिस के संसद मार्ग थाने में कांस्टेबल हैं, ने घटना की भयावह सच्चाई बताई। निखिल के मुताबिक 22 जनवरी को अंकुर का फोन आया था और दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था। कॉल के दौरान उन्हें काजल की चीखें सुनाई दीं, जिसके बाद फोन कट गया। करीब पांच मिनट बाद अंकुर का दोबारा फोन आया और उसने कहा कि उसने काजल को मार डाला है।

परिजनों का आरोप है कि काजल और अंकुर ने वर्ष 2023 में प्रेम विवाह किया था और उनका डेढ़ साल का एक बेटा भी है। शादी के कुछ समय बाद ही अंकुर और उसके परिवार द्वारा दहेज को लेकर काजल को प्रताड़ित किया जाने लगा। विवाद बढ़ने पर दोनों सोनीपत के गनौर से दिल्ली के मोहन गार्डन शिफ्ट हुए थे, लेकिन बाद में अंकुर के दबाव में फिर गनौर लौट गए। गणतंत्र दिवस की ड्यूटी के चलते काजल 20 जनवरी को दिल्ली आई थीं, जहां यह घटना हुई।

घटना के बाद काजल को पहले मोहन गार्डन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर 24 जनवरी को उन्हें गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल, नेहरू नगर शिफ्ट किया गया। मंगलवार सुबह करीब छह बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। गाजियाबाद की सिहानी गेट पुलिस ने दिल्ली पुलिस को मौत की सूचना दी।

मोहन गार्डन थाना पुलिस ने शुरुआत में अंकुर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। काजल की मौत के बाद अब मामले में हत्या की धारा 302 जोड़ी जाएगी। हालांकि परिजनों द्वारा लगाए गए दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बावजूद फिलहाल एफआईआर में दहेज से जुड़ी धाराएं शामिल नहीं की गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *