NGV PRAKASH NEWS

बालाघाट में साढ़े 13 साल की नाबालिग ने दिया बच्ची को जन्म, सिस्टम की चूक से उठा बड़ा सवाल

बालाघाट 31 जनवरी 2026.
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से सामने आई घटना ने छात्रावास व्यवस्था, स्वास्थ्य निगरानी और बाल सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त समाचार के अनुसार जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड में साढ़े 13 साल की एक नाबालिग छात्रा ने बच्ची को जन्म दिया। बच्ची छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी, लेकिन गर्भावस्था की स्थिति लंबे समय तक सामने न आना व्यवस्था की बड़ी चूक मानी जा रही है।
अस्पताल चौकी से सूचना मिलने के बाद महिला थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और आगे की जांच के लिए गढ़ी थाना को सूचित किया। पुलिस के अनुसार मामले में नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जिसे शनिवार को किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और पूरे घटनाक्रम की कड़ी दर कड़ी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना बैहर विकासखंड के परसामऊ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास से जुड़ी बताई जा रही है, जो जिला शिक्षा केंद्र के अधीन संचालित होता है। छात्रावास में रहते हुए बच्ची का गर्भवती होना और समय रहते इसकी जानकारी न मिलना छात्राओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की हकीकत को उजागर करता है।
मामले को गंभीर मानते हुए जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त शकुंतला डामोर ने छात्रावास अधीक्षिका चैनबती सैयाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच में सामने आया कि छात्रा के स्वास्थ्य में लगातार बदलाव के बावजूद न तो संवेदनशीलता दिखाई गई और न ही अलग से मेडिकल जांच कराई गई। इसके अलावा, छात्रा की बार-बार अनुपस्थिति और तबीयत खराब रहने की जानकारी भी अभिभावकों तक नहीं पहुंचाई गई।
जिला शिक्षा केंद्र के डीपीसी जीपी बर्मन ने भी स्वीकार किया है कि हॉस्टल वार्डन और संबंधित एएनएम की ओर से लापरवाही हुई है। उनके अनुसार, पीड़ित छात्रा आठवीं कक्षा में पढ़ती थी और अक्सर अस्वस्थ रहने के कारण अपने घर पर रहती थी। पुलिस को दिए बयान में छात्रा ने गांव के ही एक व्यक्ति के साथ शारीरिक संबंध होने की बात कही है।
प्रशासन का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक अपराध तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छात्रावासों में बालिकाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य निगरानी और जवाबदेही की पूरी व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाता है। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदारों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
