रामलीला के दौरान राम का निशाना चूका,रावण की आँख पर लगा-अब दर्ज हुआ एससी-एसटी…….

NGV PRAKASH NEWS

रामलीला मंचन के दौरान तीर लगने से कलाकार की आंख गई, अब राम का किरदार निभाने वाले कलाकार और आयोजकों पर SC-ST केस

सोनभद्र, 1 फरवरी 2026.
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रामलीला मंचन के दौरान हुई एक घटना अब गंभीर कानूनी विवाद का रूप ले चुकी है। मंच पर राम-रावण युद्ध का दृश्य चल रहा था, इसी दौरान तीर लगने से रावण का किरदार निभा रहे कलाकार की आंख की रोशनी चली जाने का आरोप सामने आया है। मामले में अब एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है, जिससे यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरा मामला शाहगंज थाना क्षेत्र के खैरा गांव का बताया जा रहा है। घटना 13 नवंबर 2025 की है, जब रामलीला के मंचन के दौरान राम का किरदार निभा रहे नैतिक पांडेय ने स्क्रिप्ट के अनुसार तीर चलाया। आरोप है कि निशाना चूक गया और तीर सीधे रावण का किरदार निभा रहे सुनील कुमार की आंख में जा लगा। सुनील कुमार का कहना है कि इस हादसे में उसकी आंख फूट गई और उसकी रोशनी हमेशा के लिए चली गई।

पीड़ित कलाकार का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद न तो राम का किरदार निभा रहे व्यक्ति ने और न ही रामलीला के आयोजकों ने उसकी कोई मदद की। सुनील कुमार का कहना है कि यदि समय रहते उसे सहायता और इलाज मिल जाता, तो शायद उसकी आंख बच सकती थी। उसने बताया कि तीर लगने के बाद उसकी आंख से खून और पानी बहने लगा, लेकिन इसके बावजूद उसे मंच से ही नजरअंदाज कर दिया गया।

पीड़ित के मुताबिक, इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पर आयोजकों और संबंधित लोगों ने उसे भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। सुनील कुमार का कहना है कि इस घटना के बाद वह शारीरिक और आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुका है। इसी के चलते उसने अब कानून का सहारा लिया और राम का किरदार निभा रहे नैतिक पांडेय तथा रामलीला के आयोजकों के खिलाफ एससी-एसटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। इस संबंध में राहुल पांडे, क्षेत्राधिकारी घोरावल ने बताया कि रामलीला मंचन के दौरान राम-रावण युद्ध के दृश्य में तीर लगने से कलाकार की आंख को गंभीर चोट पहुंची है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

फिलहाल यह मामला सांस्कृतिक मंचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कलाकारों की जिम्मेदारी और आयोजकों की भूमिका को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रहा है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *