NGV PRAKASH NEWS

टावर पर चढ़े सिरफिरे युवक से घंटों हलकान रही पुलिस, थानाध्यक्ष के प्रयास से सुरक्षित उतारा गया

महुली, बस्ती, 03 फरवरी 2026.
महुली थाना क्षेत्र के महुली तिराहा स्थित टैक्सी स्टैंड के पास मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 22 वर्षीय युवक अचानक बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ते ही इलाके में हड़कंप मच गया और किसी अनहोनी की आशंका से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। युवक घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा करता रहा और नीचे खड़े लोगों की समझाइश के बावजूद टावर से उतरने को तैयार नहीं हुआ।
प्राप्त समाचार के अनुसार महुली कस्बा निवासी विकास उर्फ विक्की मंगलवार शाम घूमते हुए टैक्सी स्टैंड तिराहे पर पहुंचा था। इसके बाद वह एक मकान के पीछे लगे बीएसएनएल टावर पर तेजी से चढ़ने लगा। टावर पर चढ़ते समय युवक तेज आवाज में शादी न होने की बात दोहराता रहा, जिसे सुनकर आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए। पहले तो स्थानीय लोगों ने उसे समझा-बुझाकर नीचे उतराने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं माना तो पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रजनीश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रयास और साहसी युवकों की मदद से किसी तरह विकास उर्फ विक्की को सुरक्षित टावर से नीचे उतारा गया। युवक के नीचे उतरते ही लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान मौके पर मौजूद उसकी मां लीलावती बेटे को सुरक्षित देखकर फूट-फूट कर रोने लगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है, वहीं कुछ लोगों का कहना है कि वह शादी को लेकर जिद और तनाव में था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने युवक को उसकी मां के साथ घर पहुंचाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान चौराहे पर भारी भीड़ जुटी रही और यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।
NGV PRAKASH NEWS
