NGV PRAKASH NEWS

तीन सगी नाबालिग बहनों ने 9वीं मंज़िल से कूदकर की आत्महत्या, गेमिंग ऐप एंगल की जांच
गाजियाबाद, 4 फरवरी 2026.
गाजियाबाद से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तीन सगी नाबालिग बहनों ने देर रात एक बहुमंजिला इमारत की 9वीं मंज़िल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक तीनों बहनें नाबालिग थीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार तीनों एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप की आदी बताई जा रही थीं। बताया जा रहा है कि वे टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम खेला करती थीं। हालांकि तीनों ने सामूहिक रूप से यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी कोई सटीक कारण सामने नहीं आ पाया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामला थाना टीला मोड़ क्षेत्र स्थित भारत सिटी का है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है, साथ ही मृतक बच्चियों के मोबाइल फोन और डिजिटल गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक बच्चियों के नाम निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) हैं। जांच के दौरान पुलिस को एक पन्ने का सुसाइड नोट भी मिला है, जिस पर केवल “मम्मी-पापा सॉरी” लिखा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तीनों बहनें रात में एक साथ 9वें फ्लोर से नीचे कूद गईं। किसी भारी चीज के गिरने और तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां का दृश्य बेहद भयावह था। तीनों बच्चियों के शव जमीन पर पड़े थे और खून बह रहा था। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया।
शालीमार गार्डन के पुलिस आयुक्त ने बताया कि रात करीब 2:15 बजे पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी कि थाना टीला मोड़ क्षेत्र स्थित भारत सिटी के टावर बी-1, फ्लैट नंबर 907 की नवीं मंज़िल की बालकनी से तीन बच्चियों ने छलांग लगा दी है। मौके पर पहुंचकर जांच में पुष्टि हुई कि चेतन कुमार की तीनों बेटियों की जमीन पर गिरने से मृत्यु हो चुकी थी। तीनों को एम्बुलेंस से लोनी स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुये अन्य वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS
