NGV PRAKASH NEWS

इंस्टाग्राम दोस्ती के नाम पर हनीट्रैप, युवक को निर्वस्त्र कर वीडियो बनाया, 56 हजार रुपये वसूले
मैहर, 07 फरवरी 2026.
सोशल मीडिया पर अनजान चेहरों से की गई दोस्ती किस तरह जान और इज्जत के लिए खतरा बन सकती है, इसका गंभीर मामला मध्य प्रदेश के मैहर जिले में सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती एक युवक के लिए हनीट्रैप में बदल गई, जहां उसे मिलने के बहाने बुलाकर न सिर्फ पीटा गया, बल्कि निर्वस्त्र कर उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए हजारों रुपये वसूले गए।
पुलिस के अनुसार पीड़ित शिवशंकर गुप्ता मूल रूप से भदनपुर पहाड़, मैहर का निवासी है। करीब दस दिन पहले उसकी इंस्टाग्राम के जरिए मानसी नामदेव उर्फ गोल्डी नाम की युवती से पहचान हुई। चैटिंग और कॉल के जरिए नजदीकियां बढ़ीं तो युवती ने युवक को मिलने के लिए बुलाया।
पीड़ित के मुताबिक 3 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे दोनों घंटाघर चौक पर मिले। इसके बाद वे इंडियन कॉफी हाउस पहुंचे, जहां दोनों ने साथ में डोसा खाया। नाश्ते के बाद युवती ने घुरपुरा स्थित अपने किराए के कमरे तक छोड़ने को कहा। कमरे पर पहुंचने के बाद उसने पानी पीने के बहाने युवक को अंदर बुला लिया।
कमरे में प्रवेश करते ही युवती ने किसी को फोन किया और कुछ ही देर में विक्की गुप्ता, मनोज उर्फ माचो, फूलचंद कुशवाहा सहित एक अन्य युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर युवक के साथ मारपीट की, हाथ-पैर और घुटनों पर गंभीर चोटें पहुंचाईं और जबरन उसके कपड़े उतरवाकर उसे निर्वस्त्र कर दिया। इसके बाद नग्न अवस्था में उसका वीडियो बना लिया गया।
उसके बाद आरोपियों ने युवक को धमकी दी कि यदि उसने पैसे नहीं दिए तो उस पर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसा दिया जाएगा और वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। जान और इज्जत के डर से युवक ने अपने मोबाइल और फोनपे का पासवर्ड बता दिया, जिसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में उसके खाते से 56,000 रुपये ट्रांसफर कर लिए। वारदात के बाद देर रात युवक को उसकी ही स्कूटी पर बैठाकर नेहरू सेंचुरी के पास सुनसान इलाके में छोड़ दिया गया।
घटना के बाद पीड़ित थाने पहुंचा, जहां उसकी शिकायत पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने इंस्टाग्राम चैट, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने मुख्य महिला आरोपी मानसी नामदेव उर्फ गोल्डी समेत विक्की गुप्ता, मनोज उर्फ माचो और फूलचंद गुप्ता को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
मामले में थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
