प्रॉपर्टी डीलर के ठिकाने पर पुलिस का छापा, बड़ी मात्रा में हथियार बरामद…….

NGV PRAKASH NEWS

प्रॉपर्टी डीलर नीतीश के ठिकानों पर छापा, भारी मात्रा में हथियार और गोलियां बरामद

पटना, 08 फरवरी 2026.
प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना जिले के पुनपुन प्रखंड अंतर्गत केवड़ा ओपी क्षेत्र के गंजपर जलालपुर गांव में शनिवार सुबह पुलिस ने जमीन कारोबारी अनिकेत कुमार उर्फ नीतीश के घर छापा मारकर हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। छापेमारी के दौरान राइफल, देसी कार्बाइन, पिस्टल और सैकड़ों गोलियां मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई। मौके से अनिकेत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच पहले विवाद हुआ था, जिसमें एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के घर पर चढ़कर आधा दर्जन राउंड फायरिंग की गई थी। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान कई खोखे बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने जमीन कारोबारी अनिकेत कुमार, पिता कौलेश्वर प्रसाद, के घर छापेमारी की कार्रवाई की।

तलाशी के दौरान घर से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद पटना एसपी पूर्वी परिचय कुमार और डीएसपी कन्हैया सिंह मौके पर पहुंचे और आरोपी से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि अनिकेत कुमार अपने साथियों के साथ मिलकर हथियार के बल पर विवादित जमीन पर कब्जा करता था।

सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि गंजपर जलालपुर गांव निवासी निरंजन कुमार के बयान पर अनिकेत कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि जमीन विवाद में अनिकेत ने निरंजन के घर पर चढ़कर गोलीबारी की थी। डीएसपी के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर आगे भी छापेमारी की जा रही है और यह जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस कहां से लाए गए।

जानकारी के मुताबिक पुलिस ने अनिकेत कुमार के घर से एक देसी कार्बाइन, एक राइफल, एक पिस्टल, तीन मैगजीन, 341 गोलियां, दो वॉकी-टॉकी, चार पिस्टल कवर, नागालैंड निर्मित गोलियों के पांच खाली डब्बे सहित अन्य सामान बरामद किया है।

NGV PRAKASH NEWS

👉 फोटो -सांकेतिक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *