बिजली विभाग की लापरवाही-हाई टेंशन तार के चपेट में आने से दो बच्चियों की दर्दनाक मौत…….

Gyan Prakash Dubey

बिजली विभाग की लापरवाही से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत

बस्ती, 8 फरवरी 2025
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिण दरवाजा पुलिस चौकी इलाके में शनिवार को बिजली विभाग की घोर लापरवाही के कारण दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। पांडेय स्कूल पचपेड़िया के पास कूड़ा बीनने के लिए आई बच्चियों के साथ यह हादसा उस समय हुआ, जब जमीन पर टूटकर गिरे खुले बिजली के तार की चपेट में आकर दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई।

बताया गया कि करीब 10 से 12 वर्ष की उम्र की करिश्मा कूड़ा बीनते समय हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गई। उसे तड़पता देख उसे बचाने के लिए दौड़ी दूसरी बच्ची काजल भी उसी खुले तार की जद में आ गई। दोनों बच्चियां करंट लगने से मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ बैठीं। खुले तार जमीन पर दौड़ रहे थे, जिनकी लंबे समय से अनदेखी की जा रही थी, वही इस हादसे की बड़ी वजह बने।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पीआर-112 के माध्यम से पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी सदर सतेंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि दो बच्चियों के मृत पाए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को बाहर निकलवाया और परिजनों को सूचना दी। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हादसे की सूचना पर सीओ सिटी सतेंद्र भूषण तिवारी भी मौके पर पहुंचे। पुरानी बस्ती थाना प्रभारी जयदीप दुबे ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र की घेराबंदी कर हालात को संभाला। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने खुले तारों की अनदेखी को लेकर बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते टूटे तारों को हटाया गया होता, तो दो गरीब मासूम बच्चियों की जान नहीं जाती।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *