5 बार मर चुकी है मेरी पत्नी अब बन गयी पत्थर -जुट गयी भीड़,दौड़ी आयी पुलिस…….

NGV PRAKASH NEWS

पति का दावा—पत्थर बनी पत्नी… जुट गई लोगों की भीड़

मैनपुरी, 9 फरवरी 2026.
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा और भीड़ का माहौल बन गया। कुरावली थाना क्षेत्र के नगला हीरापुर गांव में एक व्यक्ति ने दावा किया कि उसकी पत्नी रातों-रात पत्थर की मूर्ति में तब्दील हो गई। सूचना फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग कथित प्रतिमा को देखने पहुंच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पति संजीव कुमार यादव का कहना है कि उसकी पत्नी मिथिलेश कुमारी पिछले पांच वर्षों में लगभग पांच बार मर चुकी है और हर बार किसी न किसी रूप में वापस आई है। उसका दावा है कि बीती रात पत्नी उसके गोद में सिर रखकर रोती-बिलखती रही। इसी दौरान उसकी आंख लग गई और जब वह जागा तो पत्नी वहां नहीं थी। थोड़ी दूरी पर देखने पर उसे पत्थर की एक मूर्ति दिखाई दी, जिसे वह अपनी पत्नी बता रहा है।

महिला के पत्थर बनने की बात तेजी से फैलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। पुलिस के साथ नायब तहसीलदार भी गांव पहुंचे और मामले की जांच की। जांच के दौरान सामने आया कि जिस प्रतिमा को महिला बताया जा रहा है, वह सीमेंट से बनी एक मूर्ति है, जिस पर पेंट किया गया है और साड़ी पहनाई गई है। प्रतिमा के महिला होने या किसी अलौकिक घटना की पुष्टि नहीं हुई।

अधिकारियों ने जांच के बाद पूरे मामले को अफवाह करार दिया और लोगों से अपील की कि इस तरह की भ्रामक बातों पर ध्यान न दें। पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले में कोई आपराधिक तथ्य सामने नहीं आया है, इसलिए पति के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह से दूर रहने की अपील की है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *