दुबई में लापता बेटे की तलाश में मां की सुप्रीम कोर्ट तक दस्तक, नगर बाजार की सावित्री नें दायर की याचिका…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दुबई में लापता बेटे की तलाश में मां की सुप्रीम कोर्ट तक दस्तक, नगर बाजार की सावित्री ने वकील के माध्यम से दायर की याचिका

➡️ सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता राजू सोनकर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सावित्री देवी की तरफ से खुद सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर किया…….

बस्ती, 21 फरवरी 2026.

नगर पंचायत नगर बाजार क्षेत्र की रहने वाली सावित्री ने अपने लापता बेटे की तलाश के लिए अब देश की सर्वोच्च अदालत का दरवाजा खटखटाया है। दुबई में नौकरी करने गए उनके बेटे पंकज से पिछले कई महीनों से कोई संपर्क नहीं हो पाने के कारण चिंतित मां ने सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता राजू सोनकर के माध्यम से याचिका दायर कर न्याय और मदद की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सावित्री का पुत्र पंकज 26 जुलाई 2024 को दुबई स्थित वर्ल्ड स्टार कंपनी शारजहाँ में कारपेंटर के पद पर कार्य करने गया था। शुरुआत में वह अपनी मां से नियमित रूप से बातचीत करता रहा, लेकिन 2 दिसंबर 2025 के बाद से उसका मोबाइल नंबर लगातार बंद आ रहा है और तब से अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। मामले में जो उसके साथ के लोगों से संपर्क किया गया उन लोगों ने कहा कि उसका कहीं पता नहीं चल रहा है, लेकिन सही स्थिति का पता नहीं चल पाया | इस अचानक संपर्क टूटने से परिवार में चिंता और भय का माहौल है, वहीं सावित्री बेटे की चिंता में बेहद परेशान हैं।

इस मामले में सावित्री ने पुलिस अधीक्षक बस्ती को भी उचित कार्यवाही हेतु प्रार्थना पत्र दे चुकी है |

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि राणा दिनेश प्रताप सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता राजू सोनकर से संपर्क कर मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया। उन्होंने अधिवक्ता को बताया कि युवक लंबे समय से लापता है और उसकी मां लगातार परेशान होकर बेटे की तलाश में भटक रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। इसके बाद अधिवक्ता राजू सोनकर ने सावित्री पत्नी रामजतन, निवासी वार्ड नंबर 2 नगर पंचायत नगर बाजार, जनपद बस्ती की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर मामले में आवश्यक कार्रवाई और सरकार तथा संबंधित अन्य से खोज सुनिश्चित करने की मांग करते हुए याचिका दाखिल की गयी है।

अधिवक्ता राजू सोनकर ने बताया कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है, क्योंकि एक भारतीय नागरिक विदेश में लापता है और उसकी मां को उसके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के माध्यम से केंद्र सरकार, विदेश मंत्रालय और संबंधित एजेंसियों को निर्देशित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि युवक का पता लगाकर उसे सुरक्षित वापस लाया जा सके या उसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

फिलहाल सावित्री की उम्मीदें सुप्रीम कोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। परिवार और स्थानीय लोग भी युवक की सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं और मामले में जल्द ठोस कदम उठाए जाने की मांग कर रहे हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *