खड़ा ट्रक हुआ चोरी- न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी हुआ पंजीकृत…….

NGV PRAKASH NEWS

खड़ी ट्रक चोरी, कोर्ट के आदेश पर अज्ञात चोरों के खिलाफ FIR दर्ज

बस्ती, 17 मार्च 2026.

बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र में खड़ी एक ट्रक चोरी होने का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस की प्रारंभिक निष्क्रियता के बाद न्यायालय के हस्तक्षेप से मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) बस्ती के आदेश पर नगर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़े…….

अम्बेडकरनगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र निवासी रिंटू कुमार ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह वाहन संख्या यूपी-42 बीटी-2825 का पंजीकृत स्वामी है। घटना 1 जून 2025 की सुबह करीब 4 बजे की है, जब उनका चालक बिहार पेपर मिल से फैजाबाद की ओर ट्रक लेकर जा रहा था।

बताया गया कि रास्ते में फुटहिया चौकी के पास बसेवा ओवरब्रिज के आगे चालक ने ट्रक खड़ा किया और शौच के लिए चला गया। इसी दौरान उसे चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। करीब दो घंटे बाद जब चालक को होश आया और वह वापस सड़क पर पहुंचा, तो ट्रक वहां से गायब था।

चालक के पास मोबाइल फोन न होने के कारण उसने पहले फुटहिया चौकी और बाद में नगर थाने पर सूचना दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित के अनुसार, ट्रक फाइनेंस पर लिया गया था और घटना के बाद उन्होंने बैंक व फाइनेंस कंपनी से संपर्क किया, लेकिन वहां से भी कोई सहायता नहीं मिली।

इसके बाद पीड़ित ने डाक के माध्यम से पुलिस अधीक्षक बस्ती को भी सूचना दी, फिर भी मामला दर्ज नहीं हुआ। अंततः न्यायालय की शरण लेने पर सीजेएम ने पुलिस को मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *