यूपी में अपराधी हुये बेलगाम-पूर्व पार्षद की गोली मारकर हत्या…….

NGV PRAKASH NEWS

गोरखपुर में पूर्व पार्षद की हत्या से सनसनी, मॉर्निंग वॉक के दौरान घेरकर बेरहमी से उतारा मौत के घाट

गोरखपुर, 17 मार्च 2026.

उत्तर प्रदेश में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं, उन्हें पुलिस प्रशासन का कोई डर नहीं रह गया है | घटना घटित हो जाने के बाद पुलिस पहुंच कर कागजी कोरम पूरा करती है |

ऐसा ही एक मामला मुख्यमंत्री के गृह नगर गोरखपुर में हुआ, जब मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की बदमाशों ने घेरकर बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों ने सिर, सीने और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई।

यह भी पढ़े…….

बताया जा रहा है कि चार हमलावर पैदल पहुंचे और राजकुमार चौहान को घर से करीब 500 मीटर दूर घेर लिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने करीब 100 मीटर तक जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर दोबारा हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर तब तक मौके पर डटे रहे, जब तक उनकी मौत सुनिश्चित नहीं हो गई, जिसके बाद वे फरार हो गए।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासी अभिषेक सिंह के मुताबिक, मामले में पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है, हालांकि मृतक की इलाके में छवि अच्छी मानी जाती थी और उनका किसी से खुला विवाद नहीं था। बताया गया कि राजकुमार चौहान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में भी सक्रिय थे।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी ने हत्या के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि “जान के बदले जान चाहिए”, जबकि मृतक के भाई ने बताया कि सुबह टहलने के दौरान उन पर गोली और चाकू से हमला किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अब तक 7 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *