NGV PRAKASH NEWS

मौसा ने भांजी को दवा के बहाने घर से निकाला, गोमती नदी में मिली नाबालिग की लाश — रेप और हत्या का मामला दर्ज
लखनऊ 20 मार्च 2027।
📍राजधानी के मड़ियांव इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार की सुबह गोमती नदी से एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि लड़की को उसका अपना मौसा ही बुधवार रात घर से बहाने से बाहर ले गया था। सीसीटीवी फुटेज और विरोधाभासी बयानों के आधार पर पुलिस ने मौसा के खिलाफ बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
📍## दवा का बहाना बनाकर ले गया भांजी को
परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 8 बजे आरोपी मौसा ने कमर दर्द का बहाना बनाते हुए अपनी 17 वर्षीय भांजी को दवा लेने के लिए साथ चलने को कहा। घर से निकलने के महज आधे घंटे बाद उसने लड़की के भाई को फोन कर चीखते हुए दावा किया कि कुछ बदमाश कार में उसकी बहन को जबरन उठाकर ले जा रहे हैं और वह उनका पीछा कर रहा है।
📍## पीपा पुल के पास मिला बेहोश, पास में बिखरे थे कपड़े
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो मौसा पीपा पुल के पास बेहोश अवस्था में पड़ा मिला। घटनास्थल के निकट लड़की के कपड़े और अंडरगारमेंट्स बिखरे पड़े थे, लेकिन लड़की का कोई अता-पता नहीं था। पुलिस और SDRF की टीम ने देर रात तक तलाशी अभियान चलाया। अगली सुबह नदी से लड़की का निर्वस्त्र शव बरामद हुआ।
👉ये भी पढ़ें……..
📍## सीसीटीवी ने उधेड़ी झूठ की परत
मड़ियांव पुलिस की जांच में आरोपी का अपहरण वाला पूरा बयान झूठा साबित हुआ। उसने दावा किया था कि वह भांजी को ऑटो से ले जा रहा था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में वह उसे अपनी बाइक पर बैठाकर ले जाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। फुटेज में कहीं भी किसी संदिग्ध कार या चार पहिया वाहन का कोई सुराग नहीं मिला, जिससे साफ हो गया कि अपहरण की कहानी पुलिस को गुमराह करने के लिए गढ़ी गई थी।
📍## नशे में था आरोपी, संगीन धाराओं में FIR दर्ज
डीसीपी गोपाल कृष्ण चौधरी के अनुसार, घटना की सूचना 18 मार्च की रात करीब 9:20 बजे मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना के वक्त आरोपी नशे की हालत में था। लड़की के भाई की शिकायत पर पुलिस ने बलात्कार और हत्या की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस की आशंका है कि आरोपी ने पहले नाबालिग के साथ दरिंदगी की और बाद में पकड़े जाने के भय से उसे नदी में फेंक दिया। मामले की जांच तेज कर दी गई है।
NGV PRAKASH NEWS
