झूठी FIR पर सख्ती: अब गलत मुकदमा दर्ज कराने वालों पर भी होगी कार्रवाई…….

NGV PRAKASH NEWS

झूठी FIR पर सख्ती: अब गलत मुकदमा दर्ज कराने वालों पर भी होगी कार्रवाई

लखनऊ, 27 मार्च 2026.

उत्तर प्रदेश में अब झूठे मुकदमे दर्ज कराने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में डीजीपी राजीव कृष्ण ने सभी पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि यदि किसी एफआईआर में दर्ज तथ्य जांच के दौरान गलत पाए जाते हैं, तो उन तथ्यों को प्रस्तुत करने वाले व्यक्ति और झूठी गवाही देने वालों के खिलाफ अनिवार्य रूप से मुकदमा दर्ज किया जाए। इस तरह के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 14 जनवरी को इस विषय में महत्वपूर्ण निर्देश दिए थे। कोर्ट ने कहा था कि विवेचना के दौरान यदि यह सामने आता है कि शिकायत में गलत तथ्य दिए गए हैं, तो ऐसे मामलों की सूची तैयार की जाए और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भी उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए।

हाईकोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी परिवाद को दर्ज करने से पहले शिकायतकर्ता के बयान ऑडियो और वीडियो माध्यम से दर्ज किए जाएं, ताकि तथ्यों की पुष्टि हो सके। कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की थी कि कई मामलों में शिकायतकर्ता द्वारा आरोपों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है, जबकि जांच में वास्तविकता अलग निकलती है।

ऐसे मामलों में अब पर्यवेक्षण अधिकारी की स्वीकृति के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा, जिससे झूठे मामलों पर रोक लगाई जा सके और न्याय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *