ग्रीन सोसाइटी में लगी भीषण आग-मिनटो में कई फ्लैट जलकर हो गए राख…….

NGV PRAKASH NEWS

गौर ग्रीन सोसायटी में भीषण आग, एसी कंप्रेसर ब्लास्ट से कई फ्लैट जलकर खाक

गाजियाबाद, 29 अप्रैल 2026.

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बहुमंजिला इमारत की ऊपरी मंजिलों पर लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और आठवीं से नौवीं मंजिल तक फैलते हुए कई फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दूर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक दिखाई दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 8 बजे एक फ्लैट में अचानक एसी का कंप्रेसर फट गया, जिसके बाद आग तेजी से फैलने लगी। तेज हवा के कारण लपटों ने आसपास के फ्लैटों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया। देखते ही देखते फ्लैटों में रखा फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन समेत अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गया। आग लगते ही सोसायटी में रहने वाले लोग जान बचाने के लिए अपने फ्लैट छोड़कर बाहर भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन ऊंचाई और पानी के प्रेशर की कमी के चलते शुरुआती समय में आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास जारी रखते हुए आसपास की इमारतों को भी एहतियातन खाली कराया। करीब डेढ़ घंटे तक आग विकराल बनी रही और बीच-बीच में फ्लैटों से धमाकों की आवाजें भी सुनाई देती रहीं।

स्थानीय लोगों ने भी अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना ने एक बार फिर गाजियाबाद और नोएडा जैसे शहरों में ऊंची इमारतों में आग से निपटने की तैयारी और संसाधनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *