NGV PRAKASH NEWS

💥गांव की पहल से 70 वर्षीय बुजुर्ग और 30 वर्षीय महिला का विवाह, सामाजिक सहयोग बना सहारा
मऊ, 06 मई 2026.
जनपद मऊ के घोसी तहसील क्षेत्र में एक भावनात्मक और प्रेरणादायक दृश्य सामने आया, जहां गांव के लोगों की पहल पर 70 वर्षीय लालचंद और 30 वर्षीय रीमा देवी विवाह के बंधन में बंध गए। यह विवाह नगर क्षेत्र के मझवारा मोड़ स्थित नरोखर पोखरा के शिव मंदिर में सादगीपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, जिसमें गांव के लोग ही अगुआ, बाराती और घराती बने।
📍प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर निवासी लालचंद पिछले एक वर्ष से अकेलेपन और कठिन परिस्थितियों से जूझ रहे थे। वर्ष 2023 में उनकी पत्नी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था और संतानें अपने जीवन में व्यस्त थीं, जिससे बुढ़ापे में उन्हें सहारे की आवश्यकता महसूस हो रही थी। वहीं आजमगढ़ जिले के नूरुद्दीनपुर की रहने वाली रीमा देवी भी अपने जीवन में संघर्ष कर रही थीं। पति की कुछ वर्ष पूर्व बीमारी से मृत्यु के बाद उनके सामने दो छोटे बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी थी और आर्थिक तंगी के साथ सामाजिक दबाव भी उनकी परेशानियों को बढ़ा रहा था।
📍जब गांव के लोगों को दोनों की परिस्थितियों की जानकारी हुई, तो उन्होंने पहल करते हुए दोनों को एक साथ जीवन बिताने का सुझाव दिया। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर सहमति बनाई। लालचंद ने रीमा और उनके दोनों बच्चों को अपनाने की जिम्मेदारी ली, जिसके बाद मंदिर में विवाह की तैयारियां की गईं।
📍शिव मंदिर में संपन्न हुए इस विवाह में ग्रामीणों ने मिलकर सभी रस्में पूरी कराईं। लालचंद ने रीमा की मांग भरकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और इस अनोखे विवाह के साक्षी बने। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि दो संघर्षपूर्ण जीवन को सहारा देने का उदाहरण है, जो समाज में सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना को मजबूत करता है।
NGV PRAKASH NEWS
