NGV PRAKASH NEWS

जिम में नशीला पदार्थ देकर महिलाओं का शोषण, ब्लैकमेलिंग गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
बरेली, 06 मई 2026.
जनपद बरेली के थाना कोतवाली क्षेत्र में एक जिम के भीतर महिलाओं को नशीला पदार्थ देकर शोषण और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से कई आपत्तिजनक सामग्री तथा डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, जिम संचालक अकरम और उसका भाई आलम महिलाओं को वजन घटाने और फिटनेस सुधारने का झांसा देकर जिम में बुलाते थे। शुरुआती दौर में सामान्य ट्रेनिंग और डाइट प्लान के जरिए विश्वास कायम किया जाता था, लेकिन बाद में प्री-वर्कआउट ड्रिंक के नाम पर नशीला पदार्थ दिया जाता था। ड्रिंक पीने के बाद महिला बेहोशी की स्थिति में पहुंच जाती थी, जिसके बाद उसे जिम के अंदर बने एक प्राइवेट कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया जाता और पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया जाता था।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने इस पूरी वारदात को संगठित ब्लैकमेलिंग नेटवर्क का रूप दे दिया था। वीडियो के जरिए पीड़िता को धमकाकर पहले 10 हजार रुपये वसूले गए और बाद में रकम बढ़ाकर 10 लाख से 50 लाख रुपये तक की मांग की गई। विरोध करने पर वीडियो वायरल करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी जाती थीं। पीड़िता को फोन, मैसेज और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार मानसिक दबाव में रखा गया।
📍लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और पुलिस से शिकायत की। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन टीमों का गठन किया और जिम पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस को 10 हजार रुपये नकद, शक्तिवर्धक दवाइयों की शीशियां, इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और एक पेन ड्राइव बरामद हुई, जिसमें कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सुरक्षित पाए गए।
📍पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी अकरम को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर आलम को भी हिरासत में लिया। बरामद डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अब यह जांच की जा रही है कि इस गिरोह का शिकार अन्य महिलाएं भी हुई हैं या नहीं।
क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही जिम के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल उपकरणों की गहन जांच जारी है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
NGV PRAKASH NEWS
