NGV PRAKASH NEWS

मांगलिक कार्यक्रम से लौटते समय सड़क हादसा, कार चालक की मौत
बस्ती, 06 मई 2026.
बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के मनौरी चौराहे के आगे पेट्रोल पंप के पास मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा में कार चालक की दर्दनाक मौत हो गयी । प्राप्त जानकारी के अनुसार मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे कार सवार दो युवक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़े, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के ढेकी गांव निवासी श्याम नारायण दूबे (35) अपने चचेरे भाई निहाल दूबे (22) व अन्य परिजनों के साथ मंगलवार शाम बस्ती में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात सभी लोग अलग-अलग वाहनों से वापस घर लौट रहे थे। श्याम नारायण और निहाल एक ही कार में सवार थे।
रात करीब साढ़े 12 बजे जैसे ही उनकी कार मनौरी चौराहे के आगे पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी सामने चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे कार अनियंत्रित होकर ट्रक में पीछे से जा टकराई और हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को कार से निकालकर जिला अस्पताल बस्ती ले गए। वहां चिकित्सकों ने श्याम नारायण दूबे की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज कैली रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
निहाल दूबे का उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
