Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

मिड-डे-मील में मिली भारी लापरवाही, जली रोटियां पर भड़की जिलाधिकारी
बस्ती, 08 मई 2026.
जनपद के परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे-मील व्यवस्था की गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना द्वारा शुक्रवार को विभिन्न विकास खण्डों के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें बच्चों को परोसे जा रहे भोजन की खराब गुणवत्ता और विद्यालयों की अव्यवस्थाएं उजागर हुईं। निरीक्षण के दौरान जली हुई और मोटी रोटियां मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत विकास खण्ड बनकटी स्थित पीएम श्री विद्यालय देवमी से हुई। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। परिसर में गंदगी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रशासन को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। कक्षा-7 में छात्र उपस्थिति की जांच के दौरान 27 नामांकित छात्रों के सापेक्ष 24 छात्र उपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित शिक्षकों को चेतावनी जारी करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुप तिवारी को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए कम्प्यूटर लैब के उपकरण अब तक स्थापित नहीं किए गए हैं। इस लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और एक सप्ताह के भीतर सभी उपकरण स्थापित कर विद्यार्थियों के उपयोग हेतु संचालित कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी कम्पोजिट विद्यालय डारीडीहा पहुंचीं, जहां उन्होंने कक्षाओं का निरीक्षण किया और बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता परखी। इस दौरान आंगनबाड़ी में कार्यरत स्पेशल एजुकेटर प्रतीक्षा के कार्यों की उन्होंने सराहना भी की।
निरीक्षण का सबसे गंभीर मामला मिड-डे-मील व्यवस्था में सामने आया। बच्चों को परोसी गई रोटियां मोटी और जली हुई पाई गईं। भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब मिलने पर जिलाधिकारी ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित प्रधानाध्यापिका अनीता द्विवेदी और रसोइयों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में शिक्षा, स्वच्छता और बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी तरह नियमित निरीक्षण जारी रहेगा और लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
