पूर्व आईपीएस की पत्नी की घर में घुसकर हत्या…….

NGV PRAKASH NEWS

पूर्व आईपीएस अधिकारी की पत्नी की घर में हत्या, नेपाली नौकरानी फरार

हैदराबाद, 08 मई 2026.

हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स में शुक्रवार को एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई, जहां रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी विनय रंजन रे की पत्नी सुनंदा की उनके ही घर में हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे हाल ही में काम पर रखी गई नेपाली नौकरानी और उसके कुछ साथी शामिल हो सकते हैं, जो घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार सुनंदा का शव प्रशासन नगर स्थित उनके तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने हत्या के बाद घर से सोने के गहने और नकदी भी लूट ली। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस इसे लूट के इरादे से की गई हत्या मानकर जांच आगे बढ़ा रही है, हालांकि अन्य पहलुओं पर भी पड़ताल जारी है।

जानकारी के मुताबिक घटना के समय पूर्व आईपीएस अधिकारी विनय रंजन रे शहर से बाहर थे। इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि घर में हाल ही में रखी गई नेपाली मूल की नौकरानी घटना के बाद से लापता है, जिससे उस पर संदेह और गहरा गया है।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। जुबली हिल्स पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खैरताबाद के विधायक दानम नागेंद्र भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना में नेपाली गैंग की संलिप्तता हो सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार नौकरानी व उसके सहयोगियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *