
NGV PRAKASH NEWS
पालरुवी एक्सप्रेस में मासूम से दरिंदगी: महिला यात्री की बहादुरी से सलाखों के पीछे पहुँचा आरोपी
तिरुवनंतपुरम/कोल्लम | 09 मई, 2026
केरल से तमिलनाडु के बीच चलने वाली पालरुवी एक्सप्रेस उस समय एक खौफनाक वारदात की गवाह बनी, जब एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने सोती हुई 6 साल की बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। हालांकि, ट्रेन में मौजूद एक महिला यात्री की सूझबूझ और साहस के कारण न केवल मासूम की जान बची, बल्कि आरोपी को भी पुलिस ने धर दबोचा।
तीर्थयात्रा से लौट रहा था परिवार
घटना गुरुवार तड़के की है। पुलिस के अनुसार, तमिलनाडु के तेनकासी की रहने वाली 6 वर्षीय बच्ची अपने दादा के साथ केरल के एडथुआ चर्च में तीर्थयात्रा कर वापस घर लौट रही थी। जनरल कोच में जगह न होने के कारण बच्ची अपने दादा के साथ फर्श पर ही सो गई थी।
अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात
धीमी लाइट और सो रहेथे यात्री, तभी कोल्लम निवासी आरोपी (जो पेशे से पोल्ट्री शॉप में काम करता है) ने फर्श पर सो रही बच्ची को चुपचाप उठाया और अपनी सीट पर ले जाकर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया।
महिला यात्री बनी ‘मसीहा’
इस घिनौनी हरकत पर पास ही बैठी एक महिला यात्री की नजर पड़ गई। घबराने के बजाय महिला ने असाधारण साहस का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत अपने मोबाइल फोन से आरोपी की करतूत का वीडियो रिकॉर्ड किया और शोर मचाना शुरू कर दिया।
सीसीटीवी और वीडियो से हुई पहचान
📍महिला के शोर मचाने पर कोच में हड़कंप मच गया। इसी बीच, ट्रेन के तमिलनाडु की सीमा में प्रवेश करते ही आरोपी सेनगोट्टई स्टेशन पर उतरकर भाग निकला। सूचना मिलते ही पुनालुर रेलवे पुलिस सक्रिय हुई। महिला यात्री द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो और स्टेशन के फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की गई और शुक्रवार को उसे कोल्लम से गिरफ्तार कर लिया गया।
कड़ी धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ:
- POCSO एक्ट (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम)
- भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
शनिवार को आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बहादुर महिला यात्री की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता ने एक अपराधी को समाज के बीच घूमने से रोक दिया।
NGV PRAKASH NEWS
