NGV PRAKASH NEWS

सब-इंस्पेक्टर ने खुद मांगा डिमोशन, दोबारा बने कांस्टेबल
पूर्वी दिल्ली, 10 मई 2026.
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर द्वारा स्वेच्छा से डिमोशन मांगने का अनोखा मामला सामने आया है। सब-इंस्पेक्टर मनीष ने वरिष्ठ अधिकारियों को आवेदन देकर अनुरोध किया था कि उन्हें सब-इंस्पेक्टर पद से हटाकर दोबारा कांस्टेबल बना दिया जाए। उनके इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए डीसीपी ने उन्हें फिर से कांस्टेबल के पद पर नियुक्त कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक मनीष ने अपने आवेदन में कहा था कि वह सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्य नहीं करना चाहते। इसके बाद विभागीय स्तर पर उनके अनुरोध की जांच की गई। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि उनके खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई, आपराधिक मामला या विजिलेंस जांच लंबित न हो। सभी पहलुओं की जांच के बाद उपायुक्त ने उनके अनुरोध को मंजूरी दे दी।
बताया जा रहा है कि मनीष ने अपने करियर की शुरुआत कांस्टेबल के रूप में की थी। बाद में उन्होंने विभागीय परीक्षा पास कर सब-इंस्पेक्टर का पद हासिल किया था। हालांकि प्रमोशन के बाद बढ़ती जिम्मेदारियों और व्यस्त दिनचर्या के चलते वह खुद को सहज महसूस नहीं कर पा रहे थे।
विभागीय सूत्रों के अनुसार मनीष की रुचि पढ़ाई में काफी अधिक है और वह किसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं। सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यभार अधिक होने के कारण उन्हें पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा था। माना जा रहा है कि कांस्टेबल के रूप में उन्हें अपनी तैयारी के लिए बेहतर समय मिल सकेगा।
NGV PRAKASH NEWS
