NGV PRAKASH NEWS

सोना-चांदी पर फिर बढ़ी कस्टम ड्यूटी, मोदी सरकार का बड़ा फैसला; आयात होगा महंगा
नई दिल्ली, 13 मई 2026.
केंद्र सरकार ने सोना, चांदी और अन्य कीमती धातुओं के आयात पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाकर बड़ा आर्थिक कदम उठाया है। सरकार ने सोना और चांदी पर कुल आयात शुल्क को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर अब 15 प्रतिशत कर दिया है। इस फैसले के बाद देश में सोना-चांदी का आयात महंगा हो जाएगा और बाजार पर इसका सीधा असर देखने को मिल सकता है।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब सोना और चांदी के आयात पर 10 प्रतिशत बेसिक कस्टम ड्यूटी लागू होगी, जबकि इसके ऊपर 5 प्रतिशत सेस भी लगाया गया है। एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस को मिलाकर कुल शुल्क 15 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच गया है।
इस फैसले को प्रधानमंत्री की उस अपील से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने देशवासियों से एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने की बात कही थी। प्रधानमंत्री ने 24 घंटे के भीतर अपनी अपील दोहराई भी थी। अब सरकार ने आयात पर शुल्क बढ़ाकर संकेत दिया है कि वह विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने और रुपये को स्थिर रखने के लिए सख्त आर्थिक कदम उठाने के मूड में है।
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत दुनिया के सबसे बड़े सोना उपभोक्ता देशों में शामिल है और यहां त्योहारों व शादी-विवाह के सीजन में सोने की मांग काफी अधिक रहती है। ऐसे में कस्टम ड्यूटी बढ़ने से घरेलू बाजार में सोना और चांदी महंगे हो सकते हैं, जिससे मांग पर असर पड़ने की संभावना है।
हालांकि, कुछ अधिकारियों ने इस फैसले पर चिंता भी जताई है। उनका कहना है कि कस्टम ड्यूटी बढ़ने से सोने और कीमती धातुओं की तस्करी फिर बढ़ सकती है। अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2024 में सरकार द्वारा शुल्क घटाए जाने के बाद तस्करी के मामलों में कमी देखने को मिली थी।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 के बजट में केंद्र सरकार ने सोना, चांदी और अन्य कीमती धातुओं पर कस्टम ड्यूटी को 15 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दिया था। उस फैसले के बाद देश में सोना-चांदी के आयात में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। अब नए निर्णय के बाद शुल्क फिर उसी पुराने स्तर पर पहुंच गया है, जो 2024 के बजट से पहले लागू था।
👉 यहां बताते चलें कि इसके पहले पी. चिदंबरम द्वारा भी 2013-14 मैं लोगों से सोना ना खरीदने की अपील की जा चुकी है…….
NGV PRAKASH NEWS
