दिल दहला देने वाली वारदात, मां ने 6 वर्षीय बेटे की गला रेतकर की हत्या…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती के हरदी खास गांव में दिल दहला देने वाली वारदात, मां ने 6 वर्षीय बेटे की गला रेतकर की हत्या

बस्ती, 13 मई 2026.

कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दुबौला चौकी के हरदी खास गांव में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक मां ने अपने ही 6 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद महिला ने खुद को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर लिया। इस वारदात के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार हरदी खास गांव निवासी संदीप सिंह की पत्नी कीर्ति ने अपने 6 वर्षीय बेटे प्रभव की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद कीर्ति ने खुद पर भी चाकू से हमला कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर कप्तानगंज पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मासूम बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार कीर्ति की शादी संदीप सिंह के साथ लगभग सात वर्ष पहले हुई थी। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिवार के लोगों और गांव वालों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद हरदी खास गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस वारदात को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *