NGV PRAKASH NEWS

दिल्ली की सड़कों पर दरिंदगी! चलती बस में महिला से गैंगरेप, ड्राइवर और हेल्पर गिरफ्तार
पश्चिमी दिल्ली, 14 मई 2026.
राजधानी दिल्ली के नांगलोई इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है और एक बार फिर से महिला सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो गया है। एक प्राइवेट स्लीपर बस में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बस के ड्राइवर और हेल्पर ने रात में घर लौट रही महिला को जबरन बस में खींच लिया और चलते वाहन में वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला नांगलोई क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में काम करती है। देर रात ड्यूटी खत्म होने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में खड़ी स्लीपर बस के ड्राइवर और हेल्पर ने उसे जबरन बस के अंदर खींच लिया।
आरोप है कि दोनों आरोपी करीब सात किलोमीटर तक बस चलाते रहे और इसी दौरान महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद रात करीब दो बजे महिला को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय सुदेश और 26 वर्षीय अमन के रूप में हुई है। सुदेश बस चला रहा था, जबकि अमन बस में हेल्पर के तौर पर काम करता था।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ रानी बाग थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
NGV PRAKASH NEWS
