Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

गौआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, नोडल अधिकारियों को दिए नियमित निरीक्षण के निर्देश
बस्ती, 15 मई 2026.
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में गौआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं, गोवंश संरक्षण और शासन की गौसेवा योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नामित नोडल अधिकारियों को गौआश्रय स्थलों की नियमित निगरानी और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गोसंरक्षण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह गौआश्रय स्थलों का निरीक्षण करने तथा वहां मिलने वाली कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।
बैठक में गोवंशों के लिए पर्याप्त भूसा, हरा चारा, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने बीमार और घायल पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा मृत पशुओं का सम्मानपूर्वक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी और बरसात के मौसम को देखते हुए गोवंशों के लिए पर्याप्त छाया और सुरक्षित स्थान की व्यवस्था जरूरी है।
डीएम ने सभी गौआश्रय स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, समय से टीकाकरण कराने और आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही नैपियर घास की बुआई की कार्ययोजना तैयार करने और नर व मादा गोवंशों को अलग-अलग रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, डीएफओ डॉ. शिरीन, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, डीपीआरओ धनश्याम सागर, विभिन्न उपजिलाधिकारी, बीडीओ और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS
