Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

थाना कलवारी के वार्षिक निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक ने परखी व्यवस्थाएं, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
बस्ती, 15 मई 2026.
जनपद में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने शुक्रवार को थाना कलवारी का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में सुसज्जित गार्द की सलामी ली और इसके बाद थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, आईजीआरएस, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर सेल, मालखाना, बैरक तथा बंदीगृह का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न अभिलेखों, सुरक्षा उपकरणों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी जताते हुए विवेचकों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का निस्तारण साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से किया जाए। ऑनलाइन पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि पीड़ित की संतुष्टि ही पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
मिशन शक्ति डेस्क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने आने वाली महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा महिला संबंधी अपराधों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से अपडेट रहने और आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, बंदीगृह और पुलिस मेस की स्वच्छता का जायजा लिया तथा अभिलेखों के बेहतर रखरखाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाने पर आयोजित गोष्ठी में उन्होंने विवेचना निस्तारण, साइबर अपराध, मिशन शक्ति, बीट बुक और कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए लूट, चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर और गोवध जैसे अपराधों में शामिल अपराधियों के सत्यापन और उनके खिलाफ कठोर निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शस्त्रागार में रखे हथियारों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। उन्होंने शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए। इसके अलावा थाना परिसर स्थित आवासीय भवनों और भोजनालय का भी निरीक्षण किया गया।
ग्राम चौकीदारों के साथ संवाद करते हुए पुलिस अधीक्षक ने उन्हें गांवों की सुरक्षा व्यवस्था का अहम प्रहरी बताते हुए अपराध संबंधी सूचनाएं समय पर पुलिस तक पहुंचाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।
थाने पर नवागंतुक रिक्रूट आरक्षियों को भी ड्यूटी के प्रति सजग रहने, कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा जनता के साथ शिष्ट व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच बेहतर सामंजस्य, अनुशासन और लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कलवारी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS
