पुलिस अधीक्षक के निर्देश में बारावफात और रक्षाबंधन को लेकर पुलिस ने संभाली कमान, छावनी,पैकोलिया व हरैया में हुई पीस कमेटी की बैठक…….

Gyan Prakash Dubey -NGV PRAKASH NEWS

बारावफात और रक्षाबंधन को लेकर पुलिस ने संभाली कमान, छावनी,पैकोलिया व हरैया में हुई पीस कमेटी की बैठक

बस्ती | 22 अगस्त 2026

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश मेंआगामी बारावफात (ईद-मिलाद-उन-नबी) एवं रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को जनपद के पैकोलिया और हरैया थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर विभिन्न समुदायों के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और आयोजकों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।

पैकोलिया थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद की अध्यक्षता में मुस्लिम समुदाय के संभ्रांत व्यक्तियों, थाना पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारीगण के साथ पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में बारावफात के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि जुलूस निकालने वाले आयोजकों को पूर्व अनुमति प्राप्त करनी होगी तथा जुलूस की व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में वालंटियर नियुक्त किए जाएं। जुलूस के दौरान किसी अन्य धर्म, संप्रदाय अथवा जाति के संबंध में आपत्तिजनक भाषण या तकरीर नहीं की जाएगी। साथ ही निर्धारित मार्ग का ही पालन करने और किसी भी नई परंपरा को शुरू नहीं करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने जुलूस में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन, नाच-गाने और आतिशबाजी पर रोक संबंधी निर्देशों से भी अवगत कराया। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के दौरान बीमार, कमजोर एवं हृदय रोगियों की सुविधा का ध्यान रखने की अपील की गई। माइक और लाउडस्पीकर का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप करने को कहा गया।

वहीं थाना हरैया परिसर में भी आगामी बारावफात एवं रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। इसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पीस कमेटी के सदस्यों तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में दोनों पर्वों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त भ्रामक सूचनाओं को बिना सत्यापन के प्रसारित न करें। पर्वों के दौरान यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक आयोजनों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयोजकों और नागरिकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक राणा डी.पी. सिंह के नेतृत्व में थाना परिसर में दोनों समुदायों के संभ्रांत व्यक्तियों, सभी हल्का प्रभारियों और बीपीओ की मौजूदगी में बारावफात पर्व को लेकर पीस कमेटी की बैठक की गई। बैठक में पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी से सहयोग की अपील करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी गई कि उपद्रव या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान उपस्थित लोगों से पर्व से संबंधित किसी भी समस्या के बारे में जानकारी ली गई, लेकिन किसी प्रकार की समस्या सामने नहीं आई। पुलिस अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों के निर्देशों से सभी को अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित इन बैठकों का उद्देश्य आगामी पर्वों के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है। पुलिस ने साफ किया कि त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस और प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *