Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में नशे में हुड़दंग और राहगीरों से अभद्रता करने वाले तीन लोग गिरफ्तार
बस्ती, 9 अक्टूबर 2026.
जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करने और राहगीरों से अभद्रता करने के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत कार्रवाई करते हुए विधिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय रवाना किया।
राजकीय इंटर कॉलेज और कंपनी बाग के पास हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजानन्द सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान राजकीय इंटर कॉलेज के गेट नंबर-2 के पास दो युवक आपस में गाली-गलौज कर रहे थे और वहां से गुजरने वाले लोगों से विवाद करने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई कंपनी बाग चौराहे के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नशे की हालत में राहगीरों से अभद्रता कर रहा है और सड़क पर हंगामा मचा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कथित तौर पर चिल्लाने लगा और विवाद करने पर आमादा हो गया। इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों का विवरण
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में सनी कुमार (20 वर्ष), अरुन कुमार नाऊ (19 वर्ष) और संतोष (26 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी बस्ती कोतवाली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
कोतवाली पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बृजानन्द सिंह, उपनिरीक्षक रतीश चंचल पाण्डेय, उपनिरीक्षक अय्यूब खां तथा कांस्टेबल आदित्य सिंह, अभिषेक यादव, देवेन्द्र गुप्ता और आदित्य वर्मा शामिल रहे।
NGV PRAKASH NEWS