दिल्ली में पत्रकारों के साथ कथित बर्बरता के विरोध में बस्ती में प्रदर्शन, जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा पांच सूत्रीय ज्ञापन

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दिल्ली में पत्रकारों के साथ कथित बर्बरता के विरोध में बस्ती में प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा पांच सूत्रीय ज्ञापन

बस्ती 12 अक्टूबर 2026

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की कवरेज कर रहे पत्रकारों को कथित तौर पर बर्बरता के साथ हिरासत में लिए जाने के विरोध में सोमवार को बस्ती में नेशनल प्रेस क्लब (एनपीसी) के पत्रकारों ने प्रदर्शन किया। पत्रकारों ने बांहों पर काली पट्टी बांधकर दिल्ली पुलिस के खिलाफ विरोध जताया और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया।

काली पट्टी बांधकर कलेक्ट्रेट पहुंचे पत्रकार

नेशनल प्रेस क्लब के संरक्षक अशोक श्रीवास्तव के आह्वान पर दर्जनों पत्रकार न्याय मार्ग पर एकत्र हुए। यहां से बांहों पर काली पट्टी बांधकर पत्रकार एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में पत्रकारों के साथ हुई कथित अभद्रता और कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के बाद अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर कवरेज कर रहे पत्रकारों को कथित रूप से घसीटकर अपमानजनक तरीके से हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि नेशनल प्रेस क्लब दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई की निंदा करता है और इसे पत्रकारों की स्वतंत्रता तथा संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला मानता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति को पांच सूत्रीय ज्ञापन भेजकर देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

पत्रकारों के उत्पीड़न पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

राजकुमार पाण्डेय, राजकुमार गौतम, डॉ. नवीन सिंह और बिन्देश यादव ने कहा कि पत्रकारों के उत्पीड़न पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों को निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

ज्ञापन में उठाईं पांच प्रमुख मांगें

राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों से संबंधित मांगें उठाई गईं। इसमें दिल्ली की घटना के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने, पत्रकारों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय स्तर पर कठोर कानून बनाने तथा कर्तव्य पालन के दौरान पत्रकारों पर हमला या अभद्रता करने को गैर-जमानती अपराध घोषित करने की मांग शामिल है।

इसके अलावा, सच दिखाने से रोकने के उद्देश्य से पत्रकारों पर दर्ज किए गए कथित फर्जी मुकदमों को तत्काल वापस लेने, ग्राउंड रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के लिए अनिवार्य जीवन एवं स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने तथा डिजिटल मीडिया, यूट्यूब पत्रकारों और स्वतंत्र मीडियाकर्मियों को फील्ड कवरेज के दौरान उचित सुरक्षा एवं मान्यता प्रदान करने की मांग की गई।

प्रदर्शन में शामिल रहे ये पत्रकार

प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान अनिल सिंह, लवकुश यादव, जी.पी. दुबे, दिनेश कुमार पाण्डेय, मनोज कुमार यादव, अनिल श्रीवास्तव, परमानन्द मिश्रा, मिर्जा जमीर अहमद, विनोद कुमार, मो. आलम, बालकृष्ण, नृपेन्द्र सिंह, दिनेश सोनकर, मो. तौफीक खां, रत्नेश श्रीवास्तव, रियाज अहमद, अवधेश कुमार सोनकर, परवेज आलम, विकास अग्रहरि, राजित राम यादव, रमाकान्त, संदीप उपाध्याय, नीरज राज, अवनि यादव, अब्बस अली खान, महेश गुप्ता, महेश प्रताप, मो. तलहा, अरविन्द सिंह, मो. शमीम खान, विजय कुमार मिश्रा, सत्यराम, सचिन कुमार कसौधन, शाहिद अली, राममोहन पाल, वसीम अकरम, राज श्रीवास्तव और राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *