मिशन शक्ति फेज-6: निकला भव्य पैदल मार्च, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का दिया संदेश

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

मिशन शक्ति फेज-6.0: कासगंज में निकला भव्य पैदल मार्च, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का दिया संदेश

कासगंज 12 अक्टूबर 2026

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6.0 एवं शारदीय नवरात्रि-2026 के अवसर पर कासगंज में भव्य पैदल मार्च निकाला गया। कार्यक्रम के माध्यम से नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन का संदेश देते हुए समाज में सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण स्थापित करने का आह्वान किया गया।

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और छात्राओं ने लिया हिस्सा

पैदल मार्च में सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, राज्य महिला आयोग की सदस्य रैनू गौड़, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कासगंज जगदीश चन्द्र सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता की।

इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, कलावती आयुर्वेदिक कॉलेज कासगंज की महिलाओं, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं कन्या उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय, नगर क्षेत्र कासगंज की छात्राओं के साथ जनपद के विभिन्न थानों और महिला थाने की महिला पुलिसकर्मियों ने भी भाग लिया।

महिला अधिकारों और आत्मनिर्भरता के प्रति किया जागरूक

पैदल मार्च के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा किसी अन्य अपराध की स्थिति में बिना डरे आवाज उठाने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों, साइबर अपराधों से बचाव तथा महिलाओं के हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ महिला सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता और जनभागीदारी को मजबूत करना रहा।

कासगंज पुलिस ने की निर्भीक होकर शिकायत करने की अपील

कासगंज पुलिस ने अपील की कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिला संबंधी अपराध या किसी भी प्रकार की समस्या होने पर चुप रहने के बजाय निर्भीक होकर पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *