मां को भगा ले जाने वाले शख्स की बेटी को ले भागा युवक : सालों बाद घर लौटा तो सौगात में मिला

कौशांबी: मां को भगाने वाले व्यक्ति की बेटी के साथ भागा युवक, सालों बाद मिली गोली

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक अजीबोगरीब बदले की घटना सामने आई है। सरायअकिल थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक युवक को उसके पड़ोसी ने गोली मार दी। आरोप है कि युवक ने पांच साल पहले पड़ोसी की बेटी को भगा लिया था, जिससे वह लिव-इन में रह रहा था। इसी रंजिश में पड़ोसी ने लाइसेंसी बंदूक से युवक पर हमला कर दिया। पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

10 साल पुरानी रंजिश का खूनी अंजाम

पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय युवक की मां को करीब 10 साल पहले उसके पड़ोसी ने अपनी पत्नी बना लिया था। उस समय युवक नाबालिग था। बाद में, जब वह बालिग हुआ, तो उसने पड़ोसी की बेटी को भगा लिया और लिव-इन में रहने लगा। दोनों के दो बच्चे भी हो गए।

परिवार के समझाने पर युवक बुधवार को युवती के साथ दिल्ली से अपने गांव लौटा था। गांव पहुंचने के कुछ ही देर बाद पड़ोसी से उसकी बहस हो गई। इसी दौरान पड़ोसी ने अपनी लाइसेंसी डबल बैरल गन (DBBL) से युवक पर फायरिंग कर दी। गोली उसके पेट में जा लगी, जिससे वह खून से लथपथ गिर पड़ा।

आरोपी फरार, पुलिस कर रही छापेमारी

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। आरोपी पड़ोसी वारदात के बाद फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

सरायअकिल इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है, लेकिन पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *