शर्मनाक :नवजात का शव तार पर लटका मिला


गोरखपुर: नवजात का शव बिजली के तार पर लटका मिला, इलाके में सनसनी

गोरखपुर के सहजनवां क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात लुचुई में शुक्रवार सुबह एक मकान के सामने बिजली के केबल पर नवजात शिशु का शव लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सहजनवां थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। देर रात तक नवजात के माता-पिता का पता नहीं चल पाया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर शव मिला, वहां कई मकान हैं जिनमें बाहर से आकर लोग किराए पर रहते हैं। इनमें से अधिकतर लोग गीडा क्षेत्र की फैक्टरियों में काम करते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, नवजात इन्हीं किराएदारों में से किसी के घर में जन्मा हो सकता है। शव खून से सना हुआ था और ऐसा प्रतीत हो रहा था कि कुछ ही घंटे पहले उसका जन्म हुआ था।

आशंका जताई जा रही है कि प्रसव के बाद नवजात को छत से फेंका गया होगा, और नाल बिजली के तार में उलझ जाने के कारण शव वहीं फंसा रह गया। सुबह टहलने निकले लोगों ने जब शव को देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।

घटना को लेकर मोहल्ले में कई तरह की चर्चा हो रही है। कोई इसे प्रेम प्रसंग से जोड़ रहा है तो कोई अवैध गर्भपात की आशंका जता रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सहजनवां थाने के एसओ महेश चौबे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *