
संतकबीरनगर में महिला शिक्षिकाओं के शोषण का बड़ा खुलासा, जांच शुरू
संत कबीर नगर 4 मई 25.
प्राप्त जानकारी के अनुसार….
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में शिक्षकों के एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है, जिसमें महिला शिक्षिकाओं को जबरन देह व्यापार में धकेले जाने के गंभीर आरोप लगे हैं। रायबरेली जनपद की रहने वाली सुधा यादव नामक महिला ने मुख्यमंत्री समेत कई अन्य अधिकारियों को भेजे अपने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि संतकबीरनगर जनपद के प्राथमिक स्कूलों में कार्यरत महिला शिक्षिकाओं को शोषण का शिकार बनाया जा रहा है। आरोप के अनुसार, इस घिनौने कृत्य का सरगना बघौली ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को बताया गया है।
महिला का आरोप है कि विद्यालय में कार्यरत दो शिक्षक, जिनमें एक सहायक अध्यापक भी शामिल है, ने मिलकर एक रैकेट बना रखा है। वे पिछड़ी जाति की महिला टीचर्स को जबरन इस धंधे में शामिल करने का दबाव बनाते हैं। विरोध करने पर इन शिक्षिकाओं को धमकाया जाता है और उनका ट्रांसफर तक करवा दिया जाता है। आरोप यह भी है कि इन शिक्षकों की रसूख प्रदेश सरकार के एक मंत्री तक है और पुलिस में भी उनके रिश्तेदार तैनात हैं, जिनके दम पर वे दबाव बनाते हैं।
इस मामले में शिकायत की जांच बीएसए ने शुरू कर दी है। हालांकि, शिकायतकर्ता महिला के न मिलने और संपर्क सूत्र न होने के कारण जांच में अड़चनें आ रही हैं। बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों से जवाब तलब किया जा रहा है और जनपद की अन्य शिक्षिकाओं से भी अपील की गई है कि यदि किसी के साथ भी इस प्रकार का कृत्य हुआ हो तो वे गोपनीय रूप से सामने आकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला जिले में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह है कि जांच में क्या सच्चाई सामने आती है और प्रशासन इस पर किस तरह की कार्रवाई करता है।
( NGV PRAKASH NEWS)

