निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष की पत्नी का शव फंदे से लटका मिला..

NGV PRAKASH NEWS

निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष की पत्नी का शव फंदे से लटका मिला, मां ने दामाद पर लगाए गंभीर आरोप


झांसी: 23 अक्टूबर 2025
झांसी में निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवकुमार रायकवार उर्फ एसके बाबा की पत्नी नीलू रायकवार का शव बुधवार सुबह फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित उनके किराए के मकान में फांसी के फंदे से लटकता मिला। इस घटना से जिले की राजनीति और सामाजिक गलियारों में सनसनी फैल गई है। मृतका की मां ने दामाद पर अवैध संबंध और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पति ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए साजिश की आशंका जताई है।
दरवाजा तोड़ने पर सामने आया भयावह दृश्य
बुधवार सुबह जब नीलू रायकवार की मां रेखा रायकवार ने उन्हें बार-बार कॉल किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो वह सीधे बेटी के किराए के घर पहुंचीं। दरवाजा अंदर से बंद देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो नीलू का शव फंदे से झूलता मिला। पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मां का आरोप: अवैध संबंध और मानसिक प्रताड़ना
मृतका की मां रेखा रायकवार ने दामाद शिवकुमार रायकवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी का वैवाहिक जीवन लंबे समय से तनावपूर्ण था। उन्होंने दावा किया कि दामाद के कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे। विरोध करने पर वह नीलू के साथ मारपीट करता था और आठ महीने पहले उसे घर से निकाल दिया था।
रेखा रायकवार ने आरोप लगाया कि अवैध संबंधों की तस्वीरें दिखाकर दामाद उनकी बेटी को मानसिक रूप से तोड़ रहा था, जिस कारण नीलू ने यह आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को नीलू अपने बच्चों से मिलने ससुराल गई थी और रात वहीं रुकी थी।
पति ने आरोपों से किया इनकार, जताई साजिश की आशंका
वहीं, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवकुमार रायकवार (एसके बाबा) ने पत्नी की मौत के मामले में आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें दोपहर 12:30 बजे फोन आया कि नीलू की तबीयत खराब है।
उन्होंने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए कहा कि 8 तारीख को बच्चे के जन्मदिन पर वह खुश थीं और गाड़ी खरीदने की बात कर रही थीं। एसके बाबा ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि उनके राजनीतिक प्रभाव को कमजोर करने के लिए अफवाहें फैलाई जा रही हैं।
आठ महीने पहले मंच पर विरोध से आई थीं चर्चा में
गौरतलब है कि नीलू रायकवार लगभग आठ महीने पहले भी चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने पार्टी की महिला जिला सचिव रहते हुए झांसी में मंत्री संजय निषाद की रथयात्रा के दौरान मंच से विरोध जताया था। तब उन्होंने मीडिया से कहा था, “जब मैं जिलाध्यक्ष की पत्नी होकर भी घर में प्रताड़ित हो रही हूं, तो समाज की अन्य महिलाओं का क्या हाल होगा?” उनका यह बयान पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सार्वजनिक तौर पर सामने लाया था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने घर से मिले मोबाइल फोन, चैट रिकॉर्ड और कुछ दस्तावेज जब्त किए हैं। सीओ ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह आत्महत्या है या मामला कुछ और है। पुलिस पड़ोसियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से भी पूछताछ कर रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *