भाजपा को वोट देने के शक में आरजेडी समर्थकों ने दलित परिवार की बेहरहमी से की पिटाई…

NGV PRAKASH NEWS


दलित परिवार पर चुनावी हमला: बीजेपी को वोट देने पर तीन लोगों की बेरहमी से पिटाई

गोपालगंज, 08 नवंबर 2025

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग खत्म होते ही गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र से दलित परिवार पर हमले की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि वोट डालकर लौट रहे एक परिवार के तीन सदस्यों को यह पूछकर पीटा गया कि उन्होंने किस प्रत्याशी को समर्थन दिया। परिवार के मुताबिक, बीजेपी समर्थित उम्मीदवार को वोट देने की बात बताने पर गांव के दबंगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

घटना सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचेया गांव की दलित बस्ती की है। घायलों में मुकेश राम (28), उनके पिता छट्ठू राम और भाई छोटू राम शामिल हैं। ये सभी वोट डालकर देर शाम मतदान केंद्र से लौट रहे थे। रास्ते में कुछ ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया और मतदान के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। पीड़ितों का कहना है कि जैसे ही उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी को वोट देने की जानकारी दी, आरोपितों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

पीड़ित मुकेश राम ने बताया कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से पिटाई की, जिसमें तीनों को गंभीर चोटें आईं, खासकर सिर पर गहरी चोटें दर्ज की गईं। घायलों को पहले सिधवलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रेफर कर दिया गया।

पीड़ित पक्ष ने गांव के अखिलेश यादव, विशाल यादव और उनके पिता सहित कई लोगों को हमले के लिए जिम्मेदार बताया है। आरोप है कि यह हमला आरजेडी के समर्थन में वोट न देने की वजह से किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मिथिलेश तिवारी देर रात सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। तिवारी ने इस हमले को राजद समर्थकों की करतूत बताते हुए चुनावी हिंसा करार दिया।

उधर, प्रशासन ने घटना की पुष्टि की है। गोपालगंज के एसडीपीओ 2 राजेश कुमार ने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बंगरा, महम्मदपुर थाना के देवकुली और सिधवलिया थाना के बुचेया में मारपीट की तीन अलग-अलग घटनाएं दर्ज की गई हैं। पुलिस ने घायलों से लिखित शिकायत ले ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

👉

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *