रहन सहन में बड़े साहब-कब से हो गये छोटी जाति-राकेश टिकैत…….

NGV PRAKASH NEWS

यूजीसी कानून–2026 पर देशभर में उबाल, राकेश टिकैत के बयान से बढ़ा विवाद

नई दिल्ली, 28 जनवरी 2026.
यूजीसी कानून–2026 को लेकर देशभर में सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। इस कानून के विरोध में सामान्य वर्ग खुलकर सड़कों पर उतर आया है। कई राज्यों में प्रदर्शन हो रहे हैं और विरोध के प्रतीक के तौर पर भारतीय जनता पार्टी से जुड़े सामान्य वर्ग के सांसदों, विधायकों और नेताओं को चूड़ियां भेजे जाने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

बरेली में तैनात PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री के इस्तीफे के बाद यह विवाद और गहरा गया है। अब इस मुद्दे पर किसान नेता राकेश टिकैत का बयान सामने आया है, जिसने बहस को और तीखा कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राकेश टिकैत ने यूजीसी कानून–2026 का खुलकर विरोध करते हुए कहा कि यह कानून देश में जातिगत टकराव, तनाव और संघर्ष को बढ़ावा दे सकता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि ओबीसी कब से छोटी जाति हो गई। उनका कहना था कि रहन-सहन में लोग बड़े साहब बन जाते हैं, लेकिन आरक्षण की बात आते ही खुद को छोटा दिखाने लगते हैं। टिकैत के अनुसार यह कानून समाज में पहले से मौजूद दरार को और गहरा करेगा तथा जातिगत दुश्मनी को बढ़ावा देगा।

यहाँ बताते चलें कि 13 जनवरी 2026 को यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन की ओर से कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के लिए नए प्रावधान जारी किए गए थे। इनमें एससी, एसटी और ओबीसी छात्रों को जातिगत भेदभाव से सुरक्षा देने, महिलाओं, दिव्यांगों और धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ भेदभाव रोकने, हर शिक्षण संस्थान में विशेष शिकायत निवारण सेल बनाने और इस समिति में एससी, एसटी, ओबीसी, महिला व दिव्यांग वर्ग के प्रतिनिधियों को शामिल करने जैसे प्रावधान शामिल हैं।

वहीं दूसरी ओर, सामान्य वर्ग संगठनों का आरोप है कि इस कानून में उन्हें पहले से ही दोषी मान लिया गया है। उनका कहना है कि फर्जी शिकायतों के खिलाफ कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं किया गया है, जिससे कानून का दुरुपयोग कर शिक्षकों और छात्रों को परेशान किया जा सकता है। इन्हीं आशंकाओं के चलते सामान्य वर्ग की ओर से इस कानून को पूरी तरह वापस लेने की मांग की जा रही है।

PCS अधिकारी के इस्तीफे से लेकर अब राकेश टिकैत के बयान तक, यूजीसी कानून–2026 को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी तापमान और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *