NGV PRAKASH NEWS

NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने कैब ड्राइवर पर दुष्कर्म, झूठी शादी और नवजात बेटी के साथ छोड़ने का लगाया आरोप

लखनऊ, 20 फरवरी 2026.
राजधानी लखनऊ में NEET की तैयारी कर रही वाराणसी निवासी एक छात्रा ने कैब ड्राइवर पर दुष्कर्म, झूठी शादी का झांसा देने और नवजात बेटी के साथ छोड़कर फरार होने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे धोखा देकर छोड़ दिया। अब पीड़िता अपनी नवजात बच्ची के साथ न्याय के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रही है।
पीड़िता के अनुसार वह वाराणसी की रहने वाली है और लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर गोमतीनगर स्थित एक कोचिंग संस्थान में NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान जुलाई 2023 में उसकी मुलाकात कैब ड्राइवर आदित्य यादव से हुई। कोचिंग आने-जाने के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसे अपने विश्वास में ले लिया।
पीड़िता का आरोप है कि एक दिन आरोपी उसे बहाने से कमरे पर ले गया और चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। होश में आने पर विरोध करने पर आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसे शांत कराया। करीब एक माह बाद जब पीड़िता को गर्भवती होने की जानकारी मिली तो आरोपी ने शादी करने की बात कही और उसे एक स्थान पर ले जाकर अपने दो दोस्तों की मौजूदगी में शादी होने का दावा किया। इसके बाद आरोपी साथ रहने और इलाज का खर्च उठाने का भरोसा देता रहा, लेकिन अपने परिवार से नहीं मिलवाया।
पीड़िता ने बताया कि 2 फरवरी 2026 को उसने एक निजी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे नौबस्ता क्षेत्र में किराए के कमरे में रखा और तीन दिन तक साथ रहने के बाद दवा लेने का बहाना बनाकर चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा और फोन भी बंद कर लिया। पीड़िता का आरोप है कि बाद में संपर्क होने पर आरोपी ने उसे पत्नी मानने से इनकार कर दिया और अपमानजनक बातें कहकर संबंध खत्म कर लिया।
इस घटना के बाद पीड़िता मानसिक, सामाजिक और आर्थिक संकट से जूझ रही है और अपनी नवजात बेटी के साथ न्याय की मांग कर रही है। पीड़िता ने चिनहट थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही उसने एसीपी विभूति खंड और ज्वाइंट सीपी बबलू कुमार से भी मिलकर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में चिनहट थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में मेडिकल रिपोर्ट, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है तथा जांच के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
