पतंग उड़ाते समय हुआ दर्दनाक हादसा, सीने को चीरते हुए गर्दन पार कर गई लोहे की छड़…….

NGV PRAKASH NEWS

फोटो. सांकेतिक

पतंग उड़ाते समय हुआ दर्दनाक हादसा, सीने को चीरते हुए गर्दन पार कर गई लोहे की छड़, डॉक्टरों ने बचाई जान

गोरखपुर, 28 अप्रैल 2026।
इलाहीबाग के लाला टोली इलाके में सोमवार सुबह पतंग उड़ाते समय 14 वर्षीय किशोर के साथ ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। छत से गिरने के बाद किशोर निर्माणाधीन पिलर से निकली लोहे की छड़ पर जा गिरा। छड़ उसके सीने को चीरते हुए गर्दन के आर-पार निकल गई।

घटना के बाद बच्चा करीब एक घंटे तक उसी हालत में तड़पता रहा। परिवार की चीख-पुकार और मौके पर जुटी भीड़ के बीच पुलिस की मदद से सरिया काटकर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कठिन ऑपरेशन के बाद उसकी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब नौ बजे हुआ। हर्ष श्रीवास्तव अपनी छत पर पतंग उड़ा रहा था। उसकी मां अदिति श्रीवास्तव ने उसे दो बार नीचे बुलाया, लेकिन कुछ देर बाद वह फिर से सीढ़ी के पास बने टीनशेड पर चढ़कर पतंग उड़ाने लगा। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जा गिरा।

नीचे निर्माणाधीन पिलर से निकली लोहे की छड़ सीधे उसके शरीर में धंस गई। छड़ सीने से प्रवेश कर गर्दन के आर-पार निकल गई। बेटे की चीख सुनते ही मां और घर में मौजूद किराएदार आकाश मौके पर दौड़े। हर्ष की हालत देखकर सभी के होश उड़ गए।

स्थानीय लोगों ने समझदारी दिखाते हुए मौके पर छड़ निकालने से मना किया, क्योंकि ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता था। तुरंत तिवारीपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पास के एक कारीगर को बुलाकर सावधानीपूर्वक सरिया कटवाया, ताकि बच्चे को उसी हालत में सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सके।

खून से लथपथ हर्ष को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मेडिकल टीम गठित कर ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गर्दन में फंसी लोहे की छड़ को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया।

डॉक्टरों का कहना है कि समय रहते सही फैसला लेने और बिना छड़ निकाले तुरंत अस्पताल पहुंचाने की वजह से बच्चे की जान बच सकी। फिलहाल हर्ष की हालत स्थिर है और उसे निगरानी में रखा गया है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग इसे चमत्कार मान रहे हैं कि इतनी गंभीर चोट के बावजूद बच्चा सुरक्षित बच गया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *