जगमगा उठी अयोध्या, बने दो रिकॉर्ड

*जी.पी. दुबे*

*97210 711 75*

अयोध्या का भव्य दीपोत्सव: 28 लाख दीयों से रोशन हुई राम नगरी, बने दो नए गिनीज रिकॉर्ड

अयोध्या 30 अक्टूबर 24.

अयोध्या में इस वर्ष का दीपोत्सव एक अद्वितीय और भव्य आयोजन बन गया है, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों दीपोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस आयोजन ने इतिहास रचते हुए दो नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाए।

इस साल राम की पौड़ी पर 28 लाख दीयों की जगमगाहट ने अयोध्या को आलोकित किया, जबकि एक साथ 25 लाख 12 हजार 585 दीये जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया। इसके साथ ही, 1121 श्रद्धालुओं ने एक साथ सरयू नदी के तट पर आरती कर दूसरा गिनीज रिकॉर्ड बना दिया। इस ऐतिहासिक घोषणा को गिनीज बुक कंसल्टेंट निश्चल बरोट ने मंच से किया, जिसके बाद सरयू तट तालियों की गूंज से गूंज उठा।

इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज की और इस अभूतपूर्व दीपोत्सव के पलों को कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने राम मंदिर में दीप जलाकर इस उत्सव का शुभारंभ किया। दीपों से रोशन राम की पौड़ी सहित अयोध्या के 55 घाट, लेजर शो, ड्रोन शो और आकर्षक आतिशबाजी ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अवधपुरी में उल्लास का माहौल

आठवें दीपोत्सव का आयोजन त्रेतायुग में श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास से लौटने की खुशी का प्रतीक बना। रामलला के मंदिर में विराजमान होने की विशेषता के साथ, इस वर्ष का दीपोत्सव अत्यंत खास रहा। पूरी अयोध्या को रंग-बिरंगी रोशनी से सजा दिया गया था, और 30 हजार वालियंटर्स ने 28 लाख दीप बिछाने के कार्य को अंजाम दिया।

पुष्पक विमान से भगवान राम का आगमन और भव्य स्वागत

भगवान राम, सीता, और लक्ष्मण पुष्पक विमान (हेलीकॉप्टर) से पहुंचे, जिनका स्वागत मुख्यमंत्री योगी ने स्वयं किया। रथ पर सवार होकर राम दरबार को योगी ने अपने हाथों से खींचते हुए रामकथा पार्क तक पहुँचाया, जहां उन्होंने भगवान राम की आरती उतारी और उनका राजतिलक किया।

इस भव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति और अद्वितीय झांकियों ने इस दीपोत्सव को खास बना दिया। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में आयोजित इस दीपोत्सव ने समस्त राम भक्तों के मन में अपार उल्लास भर दिया और इसे एक यादगार उत्सव बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *